महंगाई को एक और झटका! अमूल, मदर डेयरी के बाद अब मेधा ने भी बढ़ाए दूध, दही और पनीर के दाम, जानिए नई कीमतें

मेधा डेयरी ने दूध, दही और पनीर के दाम बढ़ा दिए हैं। नई कीमतें शनिवार से लागू होंगी, जिससे आम लोगों की रसोई का बजट और ज्यादा प्रभावित हो सकता है।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : आम लोगों की रसोई पर महंगाई का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मदर डेयरी और अमूल के बाद अब मेधा डेयरी ने भी अपने उत्पादों की कीमतों में इजाफा कर दिया है। कंपनी ने दूध, दही और पनीर के नए रेट जारी कर दिए हैं। नई कीमतें शनिवार दोपहर से लागू हो जाएंगी। ऐसे में अब उपभोक्ताओं को रोजमर्रा की डेयरी चीजों के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे।

मेधा डेयरी की ओर से जारी नई दरों के मुताबिक डबल टोंड मिल्क, फुल क्रीम और शक्ति मिल्क समेत कई उत्पादों की कीमत बढ़ा दी गई है। अब 1 लीटर डबल टोंड मिल्क 50 रुपये की जगह 52 रुपये में मिलेगा, जबकि आधा लीटर पैक की कीमत 25 रुपये से बढ़ाकर 26 रुपये कर दी गई है। वहीं 6 लीटर टोंड मिल्क पैक का दाम 312 रुपये से बढ़कर 324 रुपये हो गया है। इसके अलावा 1 लीटर टोंड मिल्क अब 54 रुपये की जगह 56 रुपये में मिलेगा और आधा लीटर पैक 27 रुपये की बजाय 28 रुपये में उपलब्ध होगा। काऊ मिल्क की कीमत में भी बढ़ोतरी की गई है। अब आधा लीटर काऊ मिल्क के लिए ग्राहकों को 29 रुपये चुकाने होंगे, जो पहले 28 रुपये था।

शक्ति और गोल्ड मिल्क के दाम भी बढ़े

मेधा शक्ति मिल्क भी अब महंगा हो गया है। 1 लीटर शक्ति मिल्क का पैक 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये हो गया है, जबकि आधा लीटर पैक 30 रुपये की जगह 31 रुपये में मिलेगा। वहीं शक्ति स्पेशल मिल्क का 1 लीटर पैक अब 62 रुपये में मिलेगा और आधा लीटर पैक की कीमत 32 रुपये तय की गई है। फुल क्रीम गोल्ड मिल्क के दामों में भी इजाफा हुआ है। 6 लीटर गोल्ड मिल्क पैक अब 378 रुपये की बजाय 396 रुपये में मिलेगा। वहीं आधा लीटर पैक 33 रुपये से बढ़कर 34 रुपये का हो गया है।

पनीर और दही भी हुए महंगे

सिर्फ दूध ही नहीं, मेधा डेयरी ने पनीर और दही की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर दी है। अब 1 किलो ब्लॉक पनीर 400 रुपये की जगह 420 रुपये में मिलेगा। 500 ग्राम पनीर का पैक 205 रुपये से बढ़कर 215 रुपये का हो गया है। वहीं 200 ग्राम पनीर पर सीधे 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है और इसकी नई कीमत 90 रुपये तय की गई है। दही के दामों में भी बदलाव किया गया है। 200 ग्राम पाउच दही अब 18 रुपये की जगह 20 रुपये में मिलेगा। 400 ग्राम दही की कीमत 34 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये कर दी गई है, जबकि 1 किलो पाउच दही अब 72 रुपये की बजाय 75 रुपये में उपलब्ध होगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।