
झारखंड: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को मजबूती देने और विभिन्न वर्गों के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के उद्देश्य से जिला प्रभारियों की नई सूची जारी की है।
यह सूची प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में जारी की गई। राज्य के विभिन्न प्रमंडलों में जिला प्रभारी (विभाग एवं फ्रंटल संगठन) नियुक्त किए गए हैं।
इसका मुख्य उद्देश्य पार्टी नेतृत्व का विकास करना तथा अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अल्पसंख्यक, महिला, युवा और छात्र संगठनों के साथ-साथ किसान, मछुआरा, कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रूप से काम करना है।
जेपीसीसी द्वारा संथाल परगना, उत्तरी छोटानागपुर, दक्षिणी छोटानागपुर, पलामू और कोल्हान प्रमंडलों के लिए अलग-अलग जिला प्रभारियों की नियुक्ति की गई है. संथाल परगना प्रमंडल में देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहेबगंज और पाकुड़ के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
वहीं, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग, चतरा, रामगढ़, बोकारो और धनबाद जिलों के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गई है। जबकि द. छोटानागपुर प्रमंडल में रांची (शहरी एवं ग्रामीण), लोहरदगा, गुमला, खूंटी और सिमडेगा के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। पलामू प्रमंडल में पलामू, गढ़वा और लातेहार जिलों के लिए और कोल्हान प्रमंडल में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के लिए नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।

