Doranda Temple Theft : राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित काली मंदिर रोड के श्री हरि मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर का लोहे का गेट और खिड़की तोड़कर मंदिर परिसर में प्रवेश किया और दान पेटी में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
गेट और खिड़की तोड़कर मंदिर में घुसे चोर
मंदिर संचालक चंदन घोष ने इस मामले में डोरंडा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, घटना 17 मई 2026 की रात की है, जब चोरों ने मंदिर का लोहे का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और खिड़की को क्षतिग्रस्त कर दान पेटी को निशाना बनाया।
पांच साल से नहीं खुली थी दान पेटी
मंदिर समिति के मुताबिक, दान पेटी पिछले करीब पांच वर्षों से नहीं खोली गई थी, ऐसे में उसमें अच्छी-खासी रकम होने की संभावना जताई जा रही है। चोर दान पेटी को तोड़कर उसमें रखी पूरी नकदी लेकर फरार हो गए।
पहले भी हो चुकी है चोरी
मंदिर समिति ने बताया कि इससे पहले भी मंदिर में चोरी की घटना हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसे लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है।
पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग
घटना के बाद मंदिर समिति और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीर जांच कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

