
AJSU Protest: लोयाबाद थाना क्षेत्र में ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) कार्यकर्ताओं पर हुए कथित हमले और पुलिस द्वारा झूठे मुकदमे में गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को राज्यभर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। विरोध स्वरूप मशाल जुलूस निकाला गया और राज्य सरकार का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया गया।
राजधानी रांची में पार्टी की ओर से मशाल जुलूस सह आक्रोश मार्च का आयोजन किया गया। यह मार्च रांची विश्वविद्यालय मुख्यद्वार से अलबर्ट एक्का चौक तक निकाला गया, जिसमें युवा आजसू के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धनबाद की घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ अविलंब सख्त कार्रवाई की मांग की। महानगर अध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले आजसू कार्यकर्ताओं पर हमला लोकतंत्र पर हमला है, जिसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
वहीं, पार्टी नेता प्रताप सिंह ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में माफियाओं का मनोबल बढ़ा है और अवैध कोयला खनन एवं तस्करी तेजी से बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि आजसू कार्यकर्ता अवैध कोयला तस्करी का विरोध कर रहे थे, जिसके कारण उन पर हमला हुआ।
कार्यकर्ताओं ने फिरायालाल चौक पर मशाल जुलूस निकालकर सरकार से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे राज्य में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
मशाल जुलूस में डॉ. पार्थ तिवारी, अजित कुमार, चेतन प्रकाश, अमित साहू, मोहम्मद शाहिद, ऋतुराज शाहदेव, अमन साहू, सौरभ यादव, राज दुबे और ऋषि सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

