
गर्मी का मौसम सिर्फ इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के लिए भी चुनौती बन जाता है। ज्यादा तापमान का असर स्मार्टफोन, लैपटॉप, टैबलेट, पावर बैंक और स्मार्टवॉच जैसे डिवाइस की बैटरी और परफॉर्मेंस पर पड़ता है। कई बार ओवरहीटिंग के कारण डिवाइस स्लो हो जाते हैं, बैटरी जल्दी खत्म होने लगती है या गैजेट खराब भी हो सकता है। ऐसे में कुछ आसान सावधानियां अपनाकर आप अपने डिवाइसेज को सुरक्षित रख सकते हैं।
स्मार्टफोन और टैबलेट को ऐसे रखें सुरक्षित
अगर आपका स्मार्टफोन ज्यादा गर्म हो जाए, तो उसे तुरंत बंद करने की बजाय एयरप्लेन मोड ऑन करें और फोन का कवर हटा दें। इसके बाद उसे छांव या ठंडी जगह पर रखें ताकि वह जल्दी ठंडा हो सके। फोन की ब्राइटनेस कम रखें और 60Hz मोड का इस्तेमाल करें, क्योंकि इससे डिवाइस पर कम लोड पड़ता है और बैटरी भी ज्यादा चलती है। चार्जिंग के दौरान फोन गर्म हो जाए, तो चार्जर हटा दें और पहले उसे ठंडा होने दें।
टैबलेट को भी लंबे समय तक गेमिंग, वीडियो स्ट्रीमिंग या सीधी धूप में इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।
लैपटॉप को ओवरहीटिंग से बचाने के टिप्स
लैपटॉप को फ्लैट सतह पर रखने की बजाय स्टैंड या ऊंची जगह पर रखें, ताकि एयरफ्लो बेहतर बना रहे। एक साथ बहुत सारे टैब या भारी सॉफ्टवेयर चलाने से सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे लैपटॉप जल्दी गर्म हो सकता है।
अगर लैपटॉप का फैन तेज आवाज करने लगे, तो कुछ देर काम रोककर सिस्टम को आराम दें। साथ ही फैन और वेंट की नियमित सफाई भी जरूरी है, क्योंकि धूल जमा होने से ओवरहीटिंग बढ़ जाती है।
पावर बैंक और ईयरबड्स का भी रखें ध्यान
गर्मी में पावर बैंक को बंद कार, बैग या सीधी धूप में रखने से बचें। इसे चार्जिंग के दौरान इस्तेमाल न करें और 100 प्रतिशत चार्ज होने के बाद लंबे समय तक प्लग में न छोड़ें।
ईयरबड्स के चार्जिंग केस को भी गर्म जगह पर न रखें। अगर इस्तेमाल के बाद ईयरबड्स गर्म लगें, तो उन्हें तुरंत केस में रखने की बजाय पहले थोड़ा ठंडा होने दें।
स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड की
स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड पसीने और धूप की वजह से जल्दी गर्म हो सकते हैं। इस्तेमाल के बाद इन्हें सूखे कपड़े से साफ करें और लंबे समय तक चार्जिंग पर न छोड़ें। वॉटर रेसिस्टेंट होने के बावजूद इन्हें गर्म पानी और तेज धूप से बचाना चाहिए।

