
Heat Wave Advisory : भीषण गर्मी और हीट वेव (लू) के खतरे को देखते हुए श्रम विभाग, झारखंड सरकार और फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को चैम्बर भवन में आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में श्रमिकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में श्रम अधीक्षक एतवारी महतो नेराष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा जारी हीट वेव एडवाइजरी और केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक प्रतिष्ठान, दुकानें, कपड़ा व्यवसाय, होटल और अन्य संस्थानों को लू से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनानी चाहिए।
ठंडा पानी, ORS और ग्लूकोज की व्यवस्था पर जोर
बैठक में सभी प्रतिष्ठानों में ठंडे पेयजल, ORS, ग्लूकोज, नींबू पानी और अन्य राहत सामग्री की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया, ताकि कर्मचारियों, श्रमिकों और आम लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।
साथ ही चैम्बर और विभिन्न व्यापारिक संगठनों से हीट वेव को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाने की अपील की गई। बैठक में NGO और सामुदायिक समूहों को सार्वजनिक स्थानों पर पानी, छाछ और राहत पेय पदार्थों के स्टॉल लगाने के लिए प्रोत्साहित करने पर भी चर्चा हुई।
लू से बचाव और प्राथमिक उपचार पर चर्चा
बैठक में हीट स्ट्रोक से प्रभावित लोगों के प्राथमिक उपचार और त्वरित चिकित्सा सहायता के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया। लोगों से अपील की गई कि वे तेज धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करें।
झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज फेडरेशन के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि गर्मी के इस दौर में उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सामाजिक जिम्मेदारी है कि वे कर्मचारियों और ग्राहकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
वहीं, चैम्बर की श्रम उप समिति के चेयरमैन प्रमोद सारस्वत ने कहा कि चैम्बर समाजसेवी संगठनों और NGO के साथ मिलकर राहत और जागरूकता अभियान चलाएगा, ताकि भीषण गर्मी के प्रभाव को कम किया जा सके।

