
Missing Child Aditi Pandey : रांची में कोकर इलाके के खोरहा टोली से 9 मई की शाम लापता हुई डेढ़ साल की बच्ची अदिति पांडेय का 14वें दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका है।
लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन के बावजूद पुलिस को अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने इनाम राशि बढ़ाने का फैसला लिया है। अब अदिति के बारे में सही जानकारी देने वाले को 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा, जबकि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस और प्रशासन की टीम शहर के अलग-अलग इलाकों में सर्च अभियान चला रही है। साथ ही तकनीकी टीम सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की मदद से बच्ची की तलाश में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर संभावित एंगल से की जा रही है और आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि किसी के पास कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
इस बीच परिवार लगातार चिंता और उम्मीद के बीच पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए है।

