
पटना : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार में पिछले एक महीने के दौरान 8,681 बच्चे लापता हुए हैं, जिनमें अधिकांश लड़कियां हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है, जिससे महिलाएं, बच्चे और आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति इस हद तक बिगड़ चुकी है कि पिछले एक महीने में राज्य से 8,681 बच्चे लापता हो चुके हैं, जिनमें 85 प्रतिशत लड़कियां हैं। राज्य में दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।”
उन्होंने मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना उन्हें ‘बयान बहादुर’ करार देते हुए कहा कि वह इस भ्रम में हैं कि केवल बयानबाजी से राज्य चलाया जा सकता है। राजद नेता ने कहा, “बिहार में दिनदहाड़े लूट, हत्या और चोरी की घटनाएं आम हो गई हैं, लेकिन बेबस मुख्यमंत्री, जिन्होंने जीवन में कई बार अपनी राजनीतिक दिशा बदली है, अपने ‘एआई तकनीक से लैस कैमरों’ के जरिए अपराधियों की पहचान करने में सक्षम नहीं हैं। कृत्रिम बातों में माहिर कृत्रिम मुख्यमंत्री को न बिहार की चिंता है और न ही बिहारवासियों की।”

