
चतरा : झारखंड के चतरा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां गोलगप्पे खाने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुई मामूली बहस के बाद एक नवविवाहिता की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मामला चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र स्थित विधायक मोहल्ले का बताया जा रहा है। मृतका की पहचान 20 वर्षीय नैयना प्रवीण के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, नैयना की शादी करीब एक महीने पहले गुलजार नाम के युवक से हुई थी। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम पति-पत्नी के बीच गोलगप्पे खाने को लेकर हल्की कहासुनी हुई थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विवाद के बाद नैयना काफी नाराज होकर अपने कमरे में चली गई। पति गुलजार ने पुलिस को बताया कि उसने पत्नी को मनाने की कोशिश की, लेकिन वह बाहर नहीं आई। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को शक हुआ। जब दरवाजा खोला गया तो नैयना का शव कमरे में सीलिंग फैन से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।
घटना की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद प्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने बताया कि मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि मायके पक्ष की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

