
टेक्नोलॉजी कंपनी सोनी ने अपना नया और अनोखा वियरेबल डिवाइस “सोनी रिऑन पॉकेट प्रो प्लस” लॉन्च कर दिया है। यह एक पॉकेट साइज पर्सनल थर्मो डिवाइस है, जो यूजर को जरूरत के अनुसार ठंडक या गर्माहट देने का काम करता है। इसका कॉम्पैक्ट डिजाइन इसे रोजमर्रा के सफर, ऑफिस, ट्रैवल और आउटडोर गतिविधियों के लिए बेहद उपयोगी बनाता है।
हीटिंग और कूलिंग दोनों फीचर्स
यह डिवाइस नेकबैंड स्टाइल में डिजाइन किया गया है और एडवांस थर्मल कंट्रोल तकनीक पर काम करता है। इसमें मल्टीपल सेंसर दिए गए हैं, जो लगातार यूजर की त्वचा और आसपास के वातावरण का तापमान मॉनिटर करते रहते हैं।
डिवाइस रियल टाइम डेटा के आधार पर शरीर को कूलिंग या हीटिंग इफेक्ट देता है। यानी गर्मी में यह ठंडक और ठंड के मौसम में हल्की गर्माहट प्रदान कर सकता है।
बिना पंखे के करेगा कूलिंग
सोनी रिऑन पॉकेट प्रो प्लस की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें किसी तरह का पंखा नहीं लगाया गया है। इसके बावजूद यह पूरी तरह शोर-रहित कूलिंग और हीटिंग प्रदान करता है।
कंपनी के अनुसार इसमें लंबी बैटरी दी गई है, जो एक बार चार्ज करने पर करीब 15 घंटे तक चल सकती है। यही वजह है कि यह लंबे सफर और पूरे दिन इस्तेमाल के लिए उपयुक्त माना जा रहा है।
हर तरह के कपड़ों के साथ होगा फिट
इस वियरेबल डिवाइस में एडेप्टिव होल्ड डिजाइन दिया गया है, जिससे यह लगातार शरीर के संपर्क में बना रहता है। इसका एयरफ्लो डिजाइन इस तरह तैयार किया गया है कि यह हर तरह के कपड़ों और कॉलर स्टाइल के साथ आसानी से फिट हो जाता है।
यूजर इसकी वेंट लेंथ और एंगल को अपनी जरूरत के अनुसार एडजस्ट भी कर सकता है। कंपनी का दावा है कि कपड़े के फेब्रिक, लेयर या कॉलर की ऊंचाई का इसकी परफॉर्मेंस पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

