


मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी
रांची : राजधानी में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। मौके की नजाकत को देखते हुए प्रशासन की ओर से प्रमुख धार्मिक स्थलों के बाहर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।





मेन रोड स्थित जामा मस्जिद, अपर बाजार स्थित हांडा मस्जिद, मौलाना आजाद कॉलोनी स्थित नूरी मस्जिद, मेन रोड स्थित एकरा मस्जिद हिंदपीढ़ी, डोरंडा, कांके, बरियातू, नामकुम, हरमू रोड और कडरू समेत कई इलाकों की मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों का पहुंचना शुरू हो गया था। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। इस दौरान बताया गया है बकरीद केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता और समाज में प्रेम-सौहार्द बनाए रखने का संदेश भी देती है।
त्योहार को लेकर बच्चों और युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला। कई जगहों पर लोगों ने रिश्तेदारों और दोस्तों से मुलाकात कर मिठाइयां बांटी। बाजारों में भी सुबह से रौनक बनी रही, जहां सेवई, मेवे, कपड़ों और सजावटी सामान की दुकानों पर अच्छी-खासी भीड़ नजर आई। बकरीद के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी, ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
