
रायपुर : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में ड्यूटी के दौरान शराब पार्टी करना दो हेड कांस्टेबल को महंगा पड़ गया। मामले की शिकायत मिलते ही एसपी अंकिता शर्मा ने दोनों प्रधान आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला जिले के सोमनी थाना का है। बीते 25 मई की रात करीब 10 बजे थाना परिसर स्थित बैरक में प्रधान आरक्षक हेमंत अनंत और प्रधान आरक्षक भूपेंद्र कौचे शराब पीते पाए गए थे।
मामले की सूचना जैसे ही एसपी अंकिता शर्मा तक पहुंची, उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। निलंबन के बाद दोनों प्रधान आरक्षकों को रक्षित केंद्र राजनांदगांव से संबद्ध कर दिया गया है। आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान दोनों पुलिसकर्मी बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। जारी आदेश में कहा गया है कि प्र.आर. 149 हेमंत अनंत और प्र.आर. 693 भूपेंद्र कौचे 25 मई की रात थाना सोमनी परिसर स्थित बैरक में शराब सेवन करते पाए गए। इसके बाद दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए रक्षित केंद्र राजनांदगांव अटैच किया गया है।


