JPSC अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर, जून में जारी हो सकता है प्रीलिम्स रिजल्ट

JPSC प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जून के पहले या दूसरे सप्ताह में जारी हो सकता है। आयोग ने फाइनल आंसर-की जारी कर दी है, जबकि अगस्त में मुख्य परीक्षा कराने की तैयारी चल रही है।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) सिविल सेवा संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जून महीने के पहले या दूसरे सप्ताह में जारी कर सकता है। आयोग अगस्त माह में मुख्य परीक्षा आयोजित कराने की तैयारी में जुट गया है। ऐसे में प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है।

दरअसल, आयोग ने 19 अप्रैल को आयोजित सिविल सेवा संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा के दोनों प्रश्नपत्रों का अंतिम मॉडल उत्तर जारी कर दिया है। इसी फाइनल आंसर-की के आधार पर प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम तैयार किया जाएगा।

आयोग द्वारा सामान्य अध्ययन प्रथम पत्र और सामान्य अध्ययन द्वितीय पत्र दोनों का अंतिम मॉडल उत्तर प्रकाशित किया गया है। अभ्यर्थियों की आपत्तियों पर समीक्षा के बाद पहले प्रश्नपत्र के दो प्रश्नों को ड्रॉप कर दिया गया है। वहीं एक प्रश्न में दो विकल्प सही पाए गए हैं, जिसके कारण उस प्रश्न के अंक सभी अभ्यर्थियों को दिए जाएंगे। हालांकि दूसरे प्रश्नपत्र में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं पाई गई है।

बता दें कि आयोग ने 20 अप्रैल से 24 अप्रैल तक मॉडल उत्तर पर अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी थीं। निर्धारित समय सीमा तक प्राप्त आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा के बाद अंतिम मॉडल उत्तर जारी किया गया।

प्रारंभिक परीक्षा के माध्यम से विज्ञापित पदों के 15 गुना अभ्यर्थियों का चयन मुख्य परीक्षा के लिए किया जाएगा। मेधा सूची दोनों प्रश्नपत्रों में प्राप्त अंकों के कुल योग के आधार पर तैयार होगी। हालांकि मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए न्यूनतम अंकों की अनिवार्यता भी तय की गई है।

सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को कम से कम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। वहीं अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 32 प्रतिशत, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 34 प्रतिशत तथा पिछड़ा वर्ग के लिए 36.5 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।

अंतिम चयन मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।