रामगढ़ में रेलवे संपत्ति चोरी का खुलासा, 41 पेंड्रोल क्लिप के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

रामगढ़ के पतरातू में आरपीएफ ने रेलवे संपत्ति चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से रेलवे ट्रैक में उपयोग होने वाले 41 पेंड्रोल क्लिप बरामद हुए।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ramgarh News : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने पतरातू क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे संपत्ति चोरी कर ले जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से रेलवे ट्रैक में इस्तेमाल होने वाले 41 पेंड्रोल क्लिप बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट पतरातू की टीम उप निरीक्षक सोनू कुमार, प्रवीण कुमार और निरीक्षक प्रभारी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गश्त और निगरानी अभियान चला रही थी। इसी दौरान पतरातू रेलवे गेट से जयनगर अंडरपास की ओर अप लाइन के पास एक संदिग्ध व्यक्ति कंधे पर प्लास्टिक की बोरी लेकर जाता दिखा।

संदेह होने पर घेराबंदी कर पकड़ा

दोपहर करीब 12:15 बजे किलोमीटर संख्या 119/19-21 के बीच आरपीएफ जवानों ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद बोरी से रेलवे के 41 पेंड्रोल क्लिप बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान तापेश्वर प्रजापति (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय सोहराय प्रजापति, निवासी जयनगर कुम्हार टोला, थाना पतरातू, जिला रामगढ़ के रूप में बताई। रेलवे सामग्री ले जाने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

आरोपी ने कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों के पास रखे लोहे के सामान को उठाकर ले जाने की बात स्वीकार की और अपनी गलती मानते हुए माफी मांगने लगा।

आरपीएफ ने जब्त सामग्री की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार की। आरोपी को मानवाधिकार नियमों का पालन करते हुए गिरफ्तार किया गया। इस मामले में रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जिम्मेदारी उप निरीक्षक सोनू कुमार को सौंपी गई है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।