
Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में ‘चुप्पी तोड़ो–स्वस्थ रहो’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उप विकास आयुक्त रीना हांसदा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वर्चुअल माध्यम से हुई इस बैठक में अभियान को सफल बनाने और माहवारी स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंडों में कार्यक्रम आयोजित करने, पदाधिकारियों, कर्मियों, पंचायत प्रतिनिधियों और जलसहियाओं को अभियान की गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में प्रखंड जल एवं स्वच्छता समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने और ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किशोरियों और महिलाओं को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा गांवों में स्थापित इन्सिनरेटर के उपयोग को बढ़ावा देने पर बल दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि माहवारी स्वच्छता से जुड़ी भ्रांतियों और सामाजिक संकोच को दूर करना जरूरी है। डीडीसी रीना हांसदा ने इसे महिलाओं और किशोरियों के सम्मान, गरिमा और सशक्तिकरण से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया।
इसी क्रम में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यालय परिसर में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां अधिकारियों और कर्मियों को माहवारी स्वच्छता शपथ दिलाई गई तथा रेड डॉट चैलेंज के माध्यम से जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की गई।

