
मांडर : मांडर थाना क्षेत्र के हेसल गांव निवासी 14 वर्षीय नाबालिग का शव रविवार को नूंहू गांव स्थित एक कुएं से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। नाबालिग पिछले दो दिनों से लापता थी, जिसकी परिजन लगातार तलाश कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे तन्नु किसी बात को लेकर नाराज होकर घर से निकल गई थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार को मृतका का भाई अमित नूंहू गांव स्थित एक कुएं में नहाने गया था। इसी दौरान उसकी नजर कुएं के पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। शव की पहचान तन्नु कुमारी के रूप में होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय लोगों द्वारा चान्हो और मांडर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। इधर, घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

