
आसनसोल : तृणमूल कांग्रेस के ऑल इंडिया जनरल सेक्रेटरी एवं सांसद अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में हुए कथित हमले के विरोध में रविवार को पश्चिम बर्दवान जिले के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। कार्यक्रम का नेतृत्व कुल्टी के पूर्व विधायक और तृणमूल नेता उज्ज्वल चटर्जी ने किया।
विरोध कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 11:30 बजे नियामतपुर न्यू रोड से हुई, जहां बड़ी संख्या में तृणमूल कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। प्रदर्शनकारियों ने अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान तृणमूल कार्यकर्ताओं ने नियामतपुर न्यू रोड से GT रोड को जाम करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिस की रोक के बाद कार्यकर्ताओं ने न्यू रोड से नियामतपुर चौराहे तक विरोध मार्च निकाला और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की कुल्टी थाना पुलिस, नियामतपुर आउटपोस्ट पुलिस तथा केंद्रीय बल के जवानों की तैनाती की गई थी। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखी।
तृणमूल नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जा रहा है और पार्टी अपने नेताओं पर होने वाले हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगी। वहीं पुलिस की सतर्कता के कारण कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

