
रांची: झारखंड की बेटी और हजारीबाग का गौरव, पूर्व मिस इंडिया स्टेफी पटेल ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान झारखंड के पर्यटन को नई वैश्विक पहचान दिलाने और राज्य की संभावनाओं को दुनिया के सामने लाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मुलाकात का माहौल बेहद सकारात्मक रहा। स्टेफी पटेल ने झारखंड के पर्यटन विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि वह समय-समय पर अपने अनुभव, कौशल और प्रतिभा के जरिए राज्य के विकास में योगदान देना चाहती हैं।
स्टेफी ने कहा–मैं हमेशा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर झारखंड की मिट्टी, यहां की संस्कृति और इसकी विशेषताओं का उल्लेख करती हूं। मेरी दिली इच्छा है कि मैं अपने राज्य को कुछ वापस दे सकूं। झारखंड पर्यटन में अपार संभावनाएं हैं और इसके विकास में योगदान देना मेरे लिए खुशी और गर्व की बात होगी।
स्टेफी पटेल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और झारखंड का नाम रोशन किया है। हाल ही में उन्हें इटली के मेयर की ओर से आमंत्रण मिला है और वह जल्द ही इटली रवाना होने वाली हैं। इसके अलावा इस वर्ष 15 अगस्त के कार्यक्रम में उन्हें अमेरिका भी आमंत्रित किया गया है। इससे पहले वह रूस, लंदन और पेरिस में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्होंने कोरियन, हिंदी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी काम किया है, जिससे उनकी पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हुई है।
राज्यपाल से हुई इस मुलाकात में उनके पिता अमरेन्द्र पटेल और माता माधुरी पटेल भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान स्टेफी ने राज्यपाल से कहा– मैं झारखंड को वापस कुछ देना चाहती हूं। यह मेरी जन्मभूमि है। यहां के लिए जो भी दायित्व मुझे सौंपा जाएगा और जो भी सहयोग मांगा जाएगा, मैं उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगी। स्टेफी की इस भावना की राज्यपाल ने सराहना की और उनके प्रयासों की प्रशंसा की। स्टेफी ने एक बार फिर दोहराया कि उनकी सबसे बड़ी इच्छा अपनी जन्मभूमि के लिए काम करने और अपने अनुभवों का लाभ राज्य को देने की है। उनकी उपलब्धियों पर पूरा झारखंड गर्व महसूस करता है।

