
World Cycling Day : विश्व साइकिलिंग दिवस के अवसर पर दुमका के जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) राजशेखर ने स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए दुमका से बासुकिनाथ तक लगभग 25 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी की। उनकी इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
25 किलोमीटर साइकिल चलाकर पहुंचे बाबा फौजदारीनाथ धाम
विश्व साइकिलिंग दिवस के मौके पर राजशेखर ने दुमका से साइकिल यात्रा शुरू की और बासुकिनाथ पहुंचकर बाबा फौजदारिनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने राज्य और देशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
साइकिलिंग से स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों को लाभ
पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। नियमित साइकिलिंग से शारीरिक क्षमता बढ़ती है, हृदय स्वस्थ रहता है और कई बीमारियों से बचाव संभव होता है।
उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की जरूरत है और साइकिलिंग इसके लिए एक बेहतरीन विकल्प है।
ईंधन बचत और प्रदूषण नियंत्रण पर दिया जोर
डीएसओ ने कहा कि साइकिल के अधिक उपयोग से पेट्रोल और डीजल की खपत कम होगी, जिससे आर्थिक बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने लोगों, विशेषकर युवाओं से दैनिक जीवन में साइकिल को अपनाने की अपील की।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर दिए गए संदेशों का भी उल्लेख किया और कहा कि साइकिल स्वास्थ्य, पर्यावरण और अर्थव्यवस्था तीनों के लिए लाभकारी साधन है।
युवाओं को दिया फिटनेस अपनाने का संदेश
राजशेखर ने युवाओं से नियमित व्यायाम और साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही बेहतर समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है।

