
Motihari News : चर्चित तुरकौलिया जहरीली शराबकांड में पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्प्रिट सप्लायर भाइयों की संपत्ति कुर्क की है। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और उनकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया गया है।
यूपी पहुंचकर की गई कुर्की की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी जौनपुर जिले के नहोरा डेरावा गांव के निवासी हैं। उनकी पहचान चंदन कुमार और सूरज कुमार के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं।
न्यायालय के आदेश पर मोतिहारी पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश पहुंची और आरोपियों के मकान की कुर्की की कार्रवाई की। इससे पहले उनके घर पर इश्तेहार भी चस्पा किया गया था, लेकिन अदालत में उपस्थित नहीं होने पर कुर्की का आदेश जारी किया गया।
50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित
स्वर्ण प्रभात ने बताया कि दोनों आरोपियों को मोस्ट वांटेड घोषित किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए 50-50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।
पुलिस का कहना है कि जहरीली शराब कांड से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार अभियुक्तों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
अवैध शराब निर्माण के लिए होती थी स्प्रिट सप्लाई
जांच में सामने आया है कि दोनों भाई बड़े पैमाने पर स्प्रिट की सप्लाई करते थे। इसी स्प्रिट का इस्तेमाल अवैध शराब बनाने में किया जाता था।
पुलिस ने इस मामले में पहले ही कई स्थानीय शराब कारोबारियों और अन्य सप्लायरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब तक एक दर्जन से अधिक आरोपियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
10 लोगों की मौत के बाद मचा था हड़कंप
गौरतलब है कि अप्रैल महीने में तुरकौलिया और रघुनाथपुर इलाके में कथित जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया था और प्रशासन पर सख्त कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था।
इसके बाद पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई शुरू की।
अवैध शराब नेटवर्क पर शिकंजा जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा। जांच एजेंसियां इस मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं।

