पलामू में दर्दनाक हादसा: माइंस के जलभराव गड्ढे में डूबा युवक, तलाश में जुटी प्रशासन और NDRF टीम

पलामू के हुसैनाबाद में जलभराव वाली बंद माइंस के गहरे गड्ढे में नहाने के दौरान 21 वर्षीय युवक डूब गया। प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोग तलाश अभियान में जुटे हैं।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu News ; पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र स्थित सोहया पहाड़ के दमदमी माइंस में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जलभराव वाले गहरे गड्ढे में नहाने गए एक युवक के डूब जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। देर शाम तक युवक का पता नहीं चल सका, जिसके बाद प्रशासन और राहत एजेंसियों की मदद से खोज अभियान तेज कर दिया गया।

नहाने के दौरान गहरे पानी में समाया युवक

जानकारी के अनुसार, पतरा खुर्द पंचायत निवासी सतेंद्र साव का 21 वर्षीय पुत्र लवकुश गुप्ता अपने दोस्तों के साथ माइंस के गड्ढे में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया।

साथ मौजूद दोस्तों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर ग्रामीणों और प्रशासन को सूचना दी।

40 से 50 फीट गहरा बताया जा रहा गड्ढा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बंद पड़ी माइंस का यह जलभराव वाला गड्ढा करीब 40 से 50 फीट गहरा है। सूचना मिलने पर अंचल पदाधिकारी पंकज कुमार और थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू कराया।

स्थानीय नाविकों की मदद से कई घंटों तक खोजबीन की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का शव बरामद नहीं हो पाया था।

NDRF बुलाने की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि गड्ढा अत्यधिक गहरा होने के कारण स्थानीय स्तर पर खोजबीन में कठिनाई हो रही है। ऐसे में NDRF की टीम बुलाकर सर्च ऑपरेशन चलाने की मांग की गई है।

सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

घटना से नाराज ग्रामीणों ने जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग को दो स्थानों पर जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने, NDRF की मदद से शव बरामद करने और खतरनाक माइंस गड्ढों की स्थायी घेराबंदी कराने की मांग की।

बंद माइंस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

ग्रामीणों का आरोप है कि कई वर्षों से बंद पड़े इस माइंस क्षेत्र में न तो गड्ढों की भराई की गई और न ही सुरक्षा के लिए घेराबंदी कराई गई। जलभराव के कारण यह स्थान लगातार हादसों का कारण बनता रहा है, लेकिन जिम्मेदार एजेंसियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।