
झारखंड: झारखंड के मौसम में बीते कुछ दिनों से काफी उतार चढ़ाव देखा जा रहा है। कभी तेज धूप तो कभी तेज बारिश का सामना करना पड़ रहा है। एक बार फिर झारखंड में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलता रहेगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, रांची केंद्र के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाये रहेंगे। कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 4 जून 2026 को राज्य के पूर्वी और उससे सटे मध्य भागों में कहीं-कहीं गरज-चमक और वज्रपात के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, 5 जून को राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे मध्य भागों को छोड़कर राज्य के शेष क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

