
रांची : नगर भवन, सिमडेगा में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला समिति के तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ताओं (BLA 2) के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झामुमो महासचिव विनोद पांडेय और तोरपा विधायक सुदीप समेत अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया। शिविर में कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की मजबूती और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गयी।

प्रशिक्षण शिविर के जरिये कार्यकर्ताओं को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची प्रबंधन एवं संगठनात्मक जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण, अनुशासन, सतर्कता एवं जनसेवा की भावना को और अधिक सशक्त करने का संकल्प लिया गया। मौके पर तोरपा विधायक ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा हमेशा लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

