
Palamu News : पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के बटाउवा गांव स्थित लंकासुर टोला में गुटखा खरीदने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 2 जून की रात करीब 9 बजे मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन युवक स्थानीय गुमटी से गुटखा खरीद रहे थे। इसी दौरान जरदा की मात्रा को लेकर हुई बहस ने विवाद का रूप ले लिया। पहले मामूली कहासुनी हुई, लेकिन कुछ देर बाद मामला और बढ़ गया।
आरोप है कि विवाद के बाद युवक चौहान परिवार के घर के पास पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर एक पक्ष ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई।
इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के तीन-तीन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मोहम्मदगंज थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन पर काउंटर केस दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए नामजद आरोपियों में शामिल मकसूद खान और गोलू खान उर्फ रफी आलम उर्फ लड्डू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
मामले को लेकर थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि यह एक स्थानीय और निजी विवाद है, जिसे किसी भी तरह से सांप्रदायिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र के लोगों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र की शांति भंग करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

