दुमका में पेड़ से बंधा मिला जंगली भालू, वन विभाग ने किया रेस्क्यू; मदारी फरार

दुमका के शिकारीपाड़ा में पेड़ से बंधे जंगली भालू का वन विभाग ने रेस्क्यू किया। वनकर्मियों के पहुंचने की सूचना मिलते ही मदारी मौके से फरार हो गया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Wild Bear Rescue : दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड में वन विभाग ने एक जंगली भालू का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया है। बताया जा रहा है कि एक मदारी भालू को लेकर गांव-गांव घूम रहा था और लोगों को उसका खेल दिखा रहा था। वन विभाग की कार्रवाई की सूचना मिलते ही वह भालू को पेड़ से बांधकर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, शिकारीपाड़ा प्रखंड के मंझलाडीह गांव में शुक्रवार को ग्रामीणों ने एक मदारी को दो सहयोगियों के साथ भालू लेकर घूमते देखा। ग्रामीणों के मुताबिक, वह विभिन्न स्थानों पर रुककर भालू से करतब भी करवा रहा था। इसी दौरान किसी ने इसकी सूचना वन विभाग को दे दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम गांव के लिए रवाना हुई। हालांकि विभाग की कार्रवाई की भनक लगते ही मदारी अपने साथियों समेत फरार हो गया और भालू को एक पेड़ से बांधकर छोड़ गया।

मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने भालू को सुरक्षित कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू की। दुमका से विशेष पिंजरा मंगाया गया, लेकिन पिंजरा देखते ही भालू आक्रामक हो गया। काफी प्रयास और लगभग चार से पांच घंटे की मशक्कत के बाद वनकर्मियों ने उसे सुरक्षित पिंजरे में बंद करने में सफलता हासिल की।

फिलहाल भालू को वन विभाग के डिपो में रखा गया है। वन अधिकारियों के अनुसार उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है और उच्च अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत भालू को पकड़कर खेल दिखाना प्रतिबंधित है। फरार मदारी की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद भालू को किसी मान्यता प्राप्त बचाव केंद्र, चिड़ियाघर या उपयुक्त संरक्षण स्थल पर भेजा जाएगा, ताकि उसकी समुचित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।