
U18 Asia Cup Hockey : अंडर-18 पुरुष एशिया कप हॉकी में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के सबसे बड़े नायक बने झारखंड के खूंटी जिले के युवा खिलाड़ी आशीष तानी पूर्ति।
फाइनल मुकाबले में आशीष ने चार में से तीन गोल दागकर भारतीय टीम की जीत सुनिश्चित की। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में भी उन्होंने चार गोल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।
आशीष की इस उपलब्धि से उनके गांव गनालोया में खुशी की लहर दौड़ गई है। परिवार और ग्रामीणों ने नाच-गाकर जीत का जश्न मनाया। साधारण परिवार से आने वाले आशीष ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत और लगन के दम पर देश का नाम रोशन किया है।
उनके पिता सुखु तानी पूर्ति मजदूरी और पारंपरिक औजार बनाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वहीं, मां ललिता देवी ने बताया कि बचपन से ही आशीष खेल के प्रति समर्पित था। उसके मामा ने पांच साल की उम्र से ही उसे हॉकी की ट्रेनिंग दिलानी शुरू कर दी थी।
भारत की इस ऐतिहासिक जीत में खूंटी जिले के एक और खिलाड़ी प्रेमचंद सोय भी टीम का हिस्सा रहे। दोनों खिलाड़ियों की सफलता ने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

