Jamshedpur News : शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धातकीडीह तालाब के समीप गुरुवार दोपहर एक बुजुर्ग द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। पारिवारिक विवाद से परेशान बताए जा रहे 66 वर्षीय सत्तार खान ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर दिया। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से उनकी जान बचा ली गई।
जानकारी के अनुसार, धातकीडीह ए ब्लॉक निवासी सत्तार खान अपने साथ पेट्रोल लेकर तालाब के पास पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने पहले अपने शरीर पर पेट्रोल डाला और फिर आग लगा ली। देखते ही देखते आग की लपटों ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटनास्थल के पास वाहन धुलाई का काम करने वाले मो. इस्लाम ने साहस का परिचय देते हुए बिना अपनी परवाह किए आग बुझाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया और गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना का दृश्य बेहद भयावह था। आग से बुजुर्ग का शरीर गंभीर रूप से झुलस गया और घटनास्थल पर जले हुए कपड़ों व त्वचा के अवशेष बिखरे पड़े थे।
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। परिजन भी अस्पताल पहुंच चुके हैं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। बुजुर्ग की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। पुलिस उनके बयान के आधार पर पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

