
Deoghar News : शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा गुरुवार को टावर चौक से शिक्षा सभा चौक तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे लगाए गए ठेले, अवैध कब्जे और दुकानों के बाहर रखे सामान को हटाया गया। साथ ही कई दुकानदारों से जुर्माना वसूलते हुए दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।
अभियान के दौरान कुछ स्थानों पर दुकानदारों और प्रशासनिक टीम के बीच बहस और विरोध की स्थिति भी देखने को मिली। इसी बीच मौके पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा हथियार निकालने की घटना चर्चा का विषय बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान पुलिसकर्मी ने अपनी पिस्टल बाहर निकाली, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में हलचल और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए कि सार्वजनिक स्थल पर ऐसी परिस्थिति में हथियार निकालने की आवश्यकता क्यों पड़ी। लोगों का कहना है कि भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के पास अन्य विकल्प भी मौजूद होते हैं। ऐसे में हथियार का प्रदर्शन कई सवाल खड़े करता है।
वहीं कुछ लोगों का मानना है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कई बार तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे पुलिसकर्मी अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहते हैं। हालांकि इस मामले में हथियार निकालना उचित था या नहीं, यह जांच का विषय है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि घटना की जानकारी अभी उनके संज्ञान में नहीं आई है। यदि ऐसा कोई मामला सामने आया है तो उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना के बाद कई लोगों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पुलिसकर्मी के आचरण की समीक्षा करने की मांग की है। वहीं नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

