
PP Jewellers Theft : राजधानी रांची के बीआईटी ओपी थाना क्षेत्र में स्थित पीपी ज्वेलर्स में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बीआईटी ओपी क्षेत्र स्थित पशुपति नाथ सोनी की पीपी ज्वेलर्स दुकान में कार से पहुंचे चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 65 लाख 42 हजार रुपये बताई जा रही है।
दुकान से लगभग 295 ग्राम 173 मिलीग्राम सोने के आभूषण, 11 किलो 396 ग्राम चांदी के जेवरात और 6 हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटना के बाद व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है।
फिलहाल पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।

