
रांची: राजधानी में मानसून से पहले जलजमाव और सफाई व्यवस्था को लेकर मेयर सक्रिय हो गई है। मेयर रोशनी खलखो आधी रात को शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकल पड़ीं। मेयर ने शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर नालों, सड़कों और सफाई कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालों में जमा गंदगी और कचरा देखकर उन्होंने संबंधित सुपरवाइजरों और एजेंसियों को कड़ी फटकार लगाई।
मेयर ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शहर के सभी बड़े और छोटे नालों की सफाई युद्धस्तर पर की जाए ताकि बारिश के दौरान लोगों को जलजमाव की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समयसीमा के भीतर सभी नालों की सफाई सुनिश्चित की जाए।
गौरतलब है कि दो दिन पहले हुई बारिश के बाद राजधानी के कई इलाके जलमग्न हो गए थे। सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। कई मोहल्लों में जलनिकासी की व्यवस्था चरमरा गई थी, जिसके बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे थे।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने अधिकारियों से सफाई कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी मांगी और कहा कि जिन क्षेत्रों में जलजमाव की शिकायतें अधिक हैं, वहां विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने सफाई कर्मियों की उपस्थिति, कचरा उठाव और नालों की नियमित सफाई पर भी जोर दिया। बताया जाता है कि रांची नगर निगम शहर की सफाई व्यवस्था पर हर महीने लगभग 4 करोड़ रुपये खर्च करता है। इसके बावजूद कई इलाकों में गंदगी और जलनिकासी की समस्याएं सामने आने पर मेयर ने नाराजगी जताई और व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।

