
मेदिनीनगर: झारखंड के पलामू जिले में मंगलवार को कोयला ले जा रही एक मालगाड़ी के 11 डिब्बे पटरी से उतर गए। पूर्व मध्य रेलवे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। घटना पूर्व मध्य रेलवे मंडल के बरकाकाना-सोननगर रेलखंड पर सबवाना गांव के पास हुई और हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
डाल्टनगंज स्टेशन के ट्रैफिक इंस्पेक्टर अनिल तिवारी ने बताया कि मालगाड़ी बरकाकाना से सोननगर कोयला ले जा रही थी, तभी यह घटना हुई।
अधिकारी ने कहा, “पटरी से उतरने की सूचना मिलने पर रेलवे की राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने, ट्रैक की मरम्मत करने और जल्द से जल्द
परिचालन बहाल करने की कोशिशें की जा रही थीं।” रेलवे प्रशासन ने दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही असल वजह साफ हो पाएगी।
बोकारो में भी हुआ था हादसा
बता दें इससे पहले भी झारखंड के बोकारो जिले में ऐसी ही एक घटना सामने आई थी। यहां बोकारो के गोमिया के डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी MTPS के चार वैगन पटरी से उतर गए।
इस घटना के बाद रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया, हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली और एक बड़ा रेल हादसा टल गया है। यह हादसा डुमरी बिहार स्टेशन के पास बने यार्ड लाइन नंबर 7 में उस समय हुआ जब मालगाड़ी अपनी गति में थी।
जानकारी के मुताबिक कोयला लोड मालगाड़ी लोडिंग पॉइंट से कोयला लेकर मेजिया थर्मल पॉवर स्टेशन (MTPS), पश्चिम बंगाल जा रही थी।

