
NEET UG 2026: NEET UG 2026 री-एग्जाम की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की सिफारिश पर इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने Telegram पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। जारी आदेश के अनुसार, यह रोक 22 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी।
सरकार का कहना है कि यह फैसला परीक्षा से जुड़ी अफवाहों, फर्जी पेपर लीक दावों और भ्रामक सूचनाओं को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है। NTA के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में कुछ सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग परीक्षा से संबंधित गलत जानकारी फैलाने के लिए किया गया था, जिससे छात्रों और अभिभावकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हुई।
सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत लागू इस अस्थायी प्रतिबंध के दौरान भारत में Telegram की सेवाएं सीमित रहेंगी। इसके अलावा Telegram के Message Editing फीचर पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, यह फीचर 30 जून तक निष्क्रिय रहेगा ताकि परीक्षा के बाद किसी भी तरह के फर्जी स्क्रीनशॉट या एडिट किए गए संदेशों के जरिए गलत दावे न फैलाए जा सकें।
NTA का मानना है कि कई बार पुराने संदेशों को संपादित कर उन्हें पेपर लीक का सबूत बताने की कोशिश की जाती है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता प्रभावित होती है। इसी वजह से इस बार तकनीकी स्तर पर अतिरिक्त सावधानियां बरती जा रही हैं।
गौरतलब है कि NEET UG 2026 री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाएगा। परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने में भारतीय वायुसेना की मदद ली जाएगी। वहीं प्रश्नपत्र तैयार करने वाले विशेषज्ञों को परीक्षा पूरी होने तक विशेष निगरानी और आइसोलेशन में रखा गया है। परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा के लिए ड्रोन, सीसीटीवी निगरानी और अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी।
इस बीच एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में कुछ छात्रों को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। NTA ने स्पष्ट किया है कि सर्वर और नेटवर्क से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए तकनीकी टीम लगातार काम कर रही है। एजेंसी के अनुसार, लाखों उम्मीदवार अब तक अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं और शेष छात्रों को भी समय पर प्रवेश पत्र उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
NTA ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

