रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित श्री रामकृष्ण एंक्लेव में गुरुवार को ब्लिंकिट के एक डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट की घटना के बाद तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ब्लिंकिट के डिलीवरी राइडर्स मौके पर पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत डिलीवरी के दौरान सामान रखने वाले बैग के क्षतिग्रस्त होने को लेकर हुई। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर डिलीवरी बॉय और एंक्लेव के एक व्यक्ति के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट की गई।
मारपीट की सूचना मिलते ही ब्लिंकिट के अन्य डिलीवरी कर्मियों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद बड़ी संख्या में राइडर्स श्री रामकृष्ण एंक्लेव पहुंच गए और घटना में शामिल व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लालपुर और बरियातू थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


