नामकुम-कांड्रा रेल लाइन को लेकर बड़ा दबाव: परियोजना शुरू कराने की मांग तेज, संजय सेठ को सौंपा गया ज्ञापन

नामकुम–कांड्रा रेलवे लाइन परियोजना को जल्द शुरू करने की मांग तेज हो गई है। उलगुलान मोर्चा ने संजय सेठ को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्रीय विकास और कनेक्टिविटी पर जोर दिया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: लंबे समय से अटकी नामकुम–कांड्रा रेलवे लाइन परियोजना को जल्द शुरू कराने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। इसको लेकर उलगुलान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने इस परियोजना को क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास के लिए बेहद अहम बताया और जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

यह मुलाकात रंगामाटी स्थित निर्मल होटल में हुई, जहां उलगुलान मोर्चा के अध्यक्ष मुकेश मुंडा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा राज्य मंत्री से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि नामकुम–कांड्रा रेल लाइन शुरू होने से रांची, बुंडू, तमाड़, सिल्ली, चांडिल और कांड्रा समेत आसपास के क्षेत्रों में आवागमन काफी आसान हो जाएगा।

साथ ही इससे रोजगार, व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल ने जोर देकर कहा कि परियोजना से जुड़ी सभी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा किया जाए, ताकि वर्षों से प्रतीक्षित यह रेल लाइन धरातल पर उतर सके। उलगुलान मोर्चा के नेताओं का कहना है कि इस रेल लाइन के बनने से पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और ग्रामीण इलाकों के विकास को नई दिशा मिलेगी।

इस मौके पर महासचिव लक्ष्मण मुंडा, विनय महतो, सुबोध मुखर्जी, प्रवीण जायसवाल, शिवा पंडित, किरण देवी और रेखा देवी समेत कई अन्य सदस्य मौजूद रहे। ज्ञापन लेने के बाद रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।