अमरनाथ झा, मेरे लिए तुम हमेशा के लिए अमर हो

वरिष्ठ पत्रकार अमरनाथ झा को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए लेखक ने उनकी दोस्ती, संघर्षशील व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकारों और पत्रकारिता के प्रति समर्पण को याद किया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गंगा प्रसाद

जनसत्ता में कलकत्ता में मैं और अमर (अमरनाथ झा) रिपोर्ट लिखने-उखने का काम समाप्त कर जब तफरी के वक्त एक साथ होते, कई मुद्दों पर ढेर बात करते। एक-दूसरे का जम कर विरोध करते। हम दोनों काफी एक दूसरे के करीब थे। वह मेरा काफी सम्मान करता था। रिपोर्ट को लेकर एकराय न होते हुए भी वह वही करता जो मैं चाहता था। बिहार आन्दोलन में सक्रिय था और बाद में भी आंदोलन के साथियों से जुड़ा था । जब मैं रांची चला गया, पता चला उसने नौकरी छोड़ पटना चला गया । जब मैं रांची से पटना गया तो वह मुलाकात करने चला आता। देर देर तक पहले की तरह बातें होती। जितने साल मैं पटना (जनसत्ता ) में था, हम हमेशा मिलते-जुलते रहते थे। जब मैं पटना से कोलकाता आ गया तो वह यहां भी मुलाकात करने आया करता था। वह अपने नाम के साथ झा नहीं लिखता था। लेकिन पिछले छह सात साल से झा लिखने लगा। किस मजबूरी में ऐसा क्यों करने लगे, उसका जवाब था — परिवार को कुछ खुश कर लें। वह सामाजिक व्यवस्था व विषमता का विरोधी रहा था। परिवार से भी अरसे तक दूर रहा। तेवर विद्रोही। रहन सहन फख्खड़ी । दो साल पहले उसने पुष्पराज जी से मिल कर पटना में मेरा सम्मान करवाया। पिछले साल भर से अस्वस्थ था। लेकिन इसका तनिक भी जिक्र नहीं करता। इस हालत में भी वह मौजूदा राजनीतिक व सामाजिक स्थिति को लेकर कुछ न कुछ सोचता रहता और परेशान रहता। अपना खयाल रखने की जब भी कुछ कहता तो हँस कर टाल देता और कहता –अपना खयाल क्यों नहीं करते हैं ? मुझसे उमर में कुछ ज्यादा छोटा था। उसका तेज व चेहरा सामने हैं । उसकी कमी रह रह कर सालती रहेगी। अमरनाथ झा, मेरे लिए तुम हमेशा के लिए अमर हो।

लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।