
हजारीबाग : हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र में जीटी रोड स्थित ग्रामीण बैंक के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान चौपारण पंचायत के बजरंग टोला निवासी रितलाल साह के रूप में हुई है। वह बाजार में नींबू बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
हादसे के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। बताया गया कि ट्रक चालक व्यक्ति को टक्कर मारने के बाद वहां से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। हादसे से नाराज ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने विरोध जताते हुए सड़क जाम कर दी। घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा।

