बाघमारा: बाघमारा के सोनारडीह थाना के ठीक सामने अपराधियों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं। शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे केबल चोरी का विरोध करने पर पंप ऑपरेटर उमेश रविदास को अपराधियों ने गोली मार दी। थाने के सामने हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, उमेश रविदास ने केबल चोरी कर रहे बदमाशों का विरोध किया, जिससे नाराज अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। घटना के बाद घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो तत्काल मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और इलाके में सघन छापेमारी तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की।

विधायक ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब थाना के सामने ही अपराधी बेखौफ होकर गोली चला सकते हैं, तो आम जनता की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।


