
रांची: झारखंड के फोटो जर्नलिस्टों के बीच मैत्री क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन रविवार को बरियातू स्थित बुद्धा फाउंडेशन परिसर के मैदान में किया गया। टूर्नामेंट में लैंसमैन-11 और फॉक्स-11 के बीच 11-11 ओवर का रोमांचक मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लैंसमैन-11 ने निर्धारित 11 ओवर में 102 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान मनोरंजन कुमार सिंह ने सर्वाधिक 45 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अमित दास ने 17 रन का योगदान दिया।
102 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फॉक्स-11 की टीम ने 10.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से रूपेश नारायण ने नाबाद 48 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। इस तरह फॉक्स-11 ने सात विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैच के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। रूपेश नारायण को उनके शानदार खेल के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं मनोरंजन कुमार सिंह को बेस्ट बल्लेबाज, राजकुमार को बेस्ट गेंदबाज तथा बॉबी को बेस्ट फील्डर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

