
रांची: उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने मंगलवार निर्वाचन प्रक्रियाओं को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से उन्होंने नगड़ी स्थित ईवीएम (EVM) वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इसके साथ-साथ राजकीय मध्य विद्यालय पिस्का नगड़ी पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के कार्यों का जायजा लिया। उपायुक्त ने नगड़ी स्थित ईवीएम वेयरहाउस का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और सुरक्षा व रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
घर-घर पहुंचेंगे BLO
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 30 जून से जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान की शुरुआत हो चुकी है, जो 29 जुलाई 2026 तक चलेगी। इस अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार को ‘Enumeration Form’ उपलब्ध कराएंगे और उसे संग्रहित करेंगे। राजकीय मध्य विद्यालय पिस्का नगड़ी में निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने BLO, BLO सुपरवाइजर और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के BLA-2 के साथ बैठक की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। अभियान के दौरान कोई भी पात्र मतदाता या घर छूटना नहीं चाहिए। सभी परिवारों का 100% कवरेज सुनिश्चित किया जाए।
BLO हर घर के भ्रमण का विधिवत रिकॉर्ड रखेंगे। BLO सुपरवाइजर इस पूरे अभियान की नियमित निगरानी करेंगे और आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करेंगे।मतदाताओं को फॉर्म भरने की प्रक्रिया और इस अभियान के महत्व के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। उपायुक्त ने अपील करते हुए कहा कि जब BLO उनके घर आएं तो वे फॉर्म भरने और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने में प्रशासन का पूरा सहयोग करें ताकि एक त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके।

