
रांची: राजधानी रांची के उर्सलाइन इंटर कॉलेज इन दिनों विवादों में है। कॉलेज पर आरोप है कि नोज़ रिंग पहनकर कॉलेज आने पर एक छात्रा को टीसी दे दिया गया। इतना ही नहीं छात्रा और उसके परिजनों का दावा है कि कॉलेज स्टाफ की ओर से धार्मिक टिप्पणी भी की गई। इस घटना के सामने आने के बाद मामला लगातार गरमाता जा रहा है। ABVP ने इस मामले को लेकर कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया। प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए छात्रा के साथ कथित भेदभाव का विरोध किया।
ABVP का कहना है कि छात्रा ने अपने परिवार की परंपरा और सांस्कृतिक मान्यता के अनुसार नोज़ रिंग पहनी थी। परिषद का आरोप है कि सिर्फ इस वजह से किसी छात्रा को कॉलेज से निकालना उसके संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है। संगठन ने कहा कि भारतीय संविधान हर नागरिक को अपनी संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का पालन करने की आजादी देता है। ऐसे में किसी शैक्षणिक संस्थान द्वारा इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं मानी जा सकती।
प्रदर्शन के दौरान ABVP कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन से छात्रा का दोबारा दाखिला लेने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि धार्मिक टिप्पणी के आरोप सही साबित होते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। हालांकि कॉलेज प्रबंधन की ओर से इस मामले में अबतक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे विवाद की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

