जमशेदपुर में बवाल: पुलिस के सामने करणी सेना नेता की चाकू से गोदकर हत्या, BJP नेता समेत 11 पर FIR, 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

जमशेदपुर के डबल डाउन बार के बाहर करणी सेना नेता हिमांशु कुमार सिंह की चाकू हमले के बाद इलाज के दौरान मौत, भाजपा नेता समेत 11 पर एफआईआर, तीन पुलिसकर्मी निलंबित।

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर शनिवार रात पुलिस की मौजूदगी में चाकू से हमला झेलने वाले करणी सेना के युवा नेता हिमांशु कुमार सिंह ने सोमवार शाम टीएमएच में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस मामले में बार संचालक और भाजपा नेता नीरज कुमार सिंह समेत 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। हिमांशु की मौत की खबर मिलते ही करणी सेना के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में टीएमएच पहुंचे। इसके बाद उन्होंने बिष्टुपुर गोलचक्कर पर सड़क जाम कर दी। इस दौरान वहां से गुजर रहे कुछ वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।

हिमांशु सरायकेला में करणी सेना के युवा जिलाध्यक्ष थे। उनकी हत्या के बाद शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पुलिस की दो जीप और टाइगर मोबाइल के जवानों की मौजूदगी में सात-आठ युवक दो लोगों पर लगातार चाकुओं से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। हमले में गंभीर रूप से घायल आदित्यपुर निवासी प्रत्युष आनंद का इलाज फिलहाल कोलकाता के अपोलो अस्पताल में चल रहा है।

लापरवाही पर तीन पुलिसकर्मी निलंबित

घटना के बाद एसएसपी पीयूष पांडेय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गश्ती दल के तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबित पुलिसकर्मियों में ASI रतन कुमार दास, राजेश कुमार रंजन और आरक्षी संख्या 913 मनोज कुमार शामिल हैं। एसएसपी ने कहा कि मामले की जांच जारी है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छेड़खानी को लेकर शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 11:30 बजे डबल डाउन बार में कुछ युवक लड़कियों के साथ जबरन डांस करने की कोशिश कर रहे थे। उनके साथ छेड़खानी भी कर रहे थे। इसी बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया जो बाद में मारपीट में बदल गया। इसी दौरान हिमांशु कुमार सिंह और प्रत्युष आनंद बीच-बचाव करने पहुंचे। उस समय बार के बाउंसरों ने किसी तरह मामला शांत करा दिया। विवाद खत्म होने के बाद जब हिमांशु और प्रत्युष पार्किंग से अपनी बाइक लेकर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे और प्रत्युष अपनी बुलेट बाइक पर बैठे थे, तभी 8 से 10 युवकों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया।

भाजपा नेता समेत 10 नामजद, दो आरोपी गिरफ्तार

इस सनसनीखेज वारदात में बिष्टुपुर थाना पुलिस ने आदित्यपुर हरिओम नगर निवासी अरविंद सिंह की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है। एफआईआर में जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके भाजपा नेता और डबल डाउन बार के संचालक नीरज सिंह, सह-संचालक विजय कुमार समेत 10 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा कई अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

एफआईआर में नामजद आरोपियों के नाम

नीरज सिंह (बार संचालक, भाजपा नेता)

विजय कुमार (सह-संचालक)

सोनू राम सरदार उर्फ सोनू मंडल (धातकीडीह)

विश्वनाथ मंडल (धातकीडीह)

राहुल (धातकीडीह)

राज लोहार (धातकीडीह)

अमित लोहार (धातकीडीह)

अर्जुन लोहार (धातकीडीह)

गणेश लोहार (धातकीडीह)

लखन मार्डी (घाघीडीह)

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमले के दौरान चापड़ चलाने के मुख्य आरोपी सोनू राम सरदार और राज लोहार को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद किया गया है। हालांकि, बार संचालक नीरज सिंह, सह-संचालक विजय कुमार और अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।