हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर आदित्यपुर में बवाल, बीजेपी-हिंदू संगठनों के बंद में मेयर समेत 40 से ज्यादा लोग हिरासत में

जमशेदपुर के आदित्यपुर में हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में बीजेपी और हिंदू संगठनों के बंद के दौरान पुलिस ने मेयर सहित कई नेताओं को हिरासत में लिया गया है

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर: हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में शुक्रवार को आदित्यपुर में भारतीय जनता पार्टी और कई हिंदूवादी संगठनों द्वारा बुलाए गए बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। इस दौरान माहौल आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार समेत 40 से अधिक भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि हत्या के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कड़ी सजा दी जाए।

टोल ब्रिज के पास किया प्रदर्शन

बंद को सफल बनाने के लिए सुबह से ही भाजपा और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता आदित्यपुर टोल ब्रिज के पास इकट्ठा होने लगे। यहां उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन पहले से ही सतर्क था और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन सड़क पर प्रदर्शन जारी रहने पर कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

मेयर और VHP नेता भी हिरासत में

हिरासत में लिए गए लोगों में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास सहित 40 से ज्यादा भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल थे। सभी को आदित्यपुर थाना ले जाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। प्रशासन ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति है, लेकिन सड़क जाम कर आम जनता को परेशान करने की इजाजत नहीं दी जा सकती।

इलाके में कड़ी सुरक्षा, हालात रहे नियंत्रण में

सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी खुद पूरे हालात पर नजर बनाए हुए थे। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। पुलिस की सतर्कता के कारण टाटा-कांड्रा मुख्य सड़क पर यातायात सामान्य रूप से चलता रहा। हालांकि बंद के समर्थन में कई दुकानों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, जिससे बाजारों में आंशिक असर देखने को मिला।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।