हिमांशु हत्याकांड में पुलिस ने कसा शिकंजा, 2 आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग भी पकड़े गए

जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में एसआईटी ने कार्रवाई तेज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। तीन नाबालिग हिरासत में हैं, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Himanshu Singh Murder Case : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस ने जांच तेज करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसआईटी की लगातार छापेमारी के बाद अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना में शामिल तीन विधि-विरुद्ध बालकों (नाबालिगों) को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 27 जून की रात करीब साढ़े 11 बजे डीडी बार के बाहर किसी बात को लेकर हिमांशु सिंह, प्रत्युष सिंह और दूसरे पक्ष के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद आरोप है कि विशाल लोहरा उर्फ बेंदा, सोनू राम सरदार और उनके साथियों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान हिमांशु सिंह की मौत हो गई, जबकि प्रत्युष सिंह का इलाज जारी है।

घटना के बाद गठित एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर कई जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान सोनू राम सरदार और राज लोहार को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, मामले में तीन नाबालिगों को भी हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।

जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक कुल्हाड़ी, खून के नमूने, आरोपियों की चप्पल, सीसीटीवी फुटेज, एक मोटरसाइकिल और तीन अन्य वाहनों को जब्त किया है। इन सभी साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।

पुलिस ने यह भी बताया कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने गिरफ्तार आरोपियों को छुड़ाने की कोशिश की और पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की की। इस मामले में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिस पर हमला करने के आरोप में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है।

फिलहाल एसआईटी फरार आरोपियों की तलाश में झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों में भी छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और इस वारदात में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।