
National Stakeholders Consultation New Delhi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में आईटी विभाग की सचिव पूजा सिंघल और उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल ने शिष्टाचार मुलाकात की।
इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को 8 और 9 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी भी मौजूद रहे।
झारखंड सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी, उद्योग और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में राज्य के औद्योगिक, तकनीकी और पर्यटन विकास की भावी रणनीति पर मंथन होगा। कार्यक्रम में देश-विदेश के निवेशक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, नीति विशेषज्ञ और तकनीकी क्षेत्र के विशेषज्ञ भाग लेंगे।
सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार कई नई नीतियों के प्रारूप पर हितधारकों से सुझाव लेगी। इनमें झारखंड एआई पॉलिसी, झारखंड निवेश प्रोत्साहन नीति, झारखंड पर्यटन नीति, झारखंड टेक्सटाइल नीति, जियाडा (JIADA) विनियम और पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) नीति के कॉन्सेप्ट पेपर शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य निवेश बढ़ाने, उद्योगों को प्रोत्साहन देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।
कार्यक्रम के पहले दिन डिजिटल गवर्नेंस, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर विशेष सत्र आयोजित होंगे। इस दौरान सरकार और उद्योग जगत के बीच बिजनेस-टू-गवर्नमेंट (B2G) संवाद भी होगा। साथ ही आईटी विभाग और विभिन्न कंपनियों के बीच कई महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
दूसरे दिन निवेश, औद्योगिक विकास और पर्यटन को लेकर अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसमें राज्य में नए निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक परियोजनाओं और पर्यटन क्षेत्र के विस्तार पर चर्चा होगी। इसी दौरान कई औद्योगिक समूहों के साथ समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे तथा सरकार की नई नीतियों के ड्राफ्ट और डिजिटल पोर्टलों का भी शुभारंभ किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि यह आयोजन झारखंड को निवेश के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने, आईटी और एआई जैसे उभरते क्षेत्रों में अवसर बढ़ाने तथा ‘एक्सप्लोर इंफिनिट अपॉर्च्युनिटीज’ और ‘झारखंड विजन-2050’ के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

