
RIMS Ranchi : झारखंड सरकार ने रिम्स रांची के साथ-साथ पलामू और दुमका मेडिकल कॉलेजों में सीटों की बढ़ोतरी और उसके अनुरूप इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड करने की तैयारी शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में इस योजना की समीक्षा की गई।
रिम्स में एमबीबीएस (यूजी) की सीटें 176 से बढ़ाकर 250, पीजी की सीटें 180 से बढ़ाकर 275 और सुपर स्पेशियलिटी की सीटें 11 से बढ़ाकर 100 करने का प्रस्ताव नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) को भेजा गया है।
केंद्र से मिलेगी वित्तीय सहायता
बढ़ी हुई सीटों के आधार पर हॉस्टल, लैब, ओटी, उपकरण और मानव संसाधन (फैकल्टी व डॉक्टर्स) जैसी सुविधाओं का आकलन किया गया है। इसके तहत केंद्र सरकार की योजना (VGF) से प्रति अतिरिक्त सीट लगभग 1.5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
आगामी वर्षों में पलामू और दुमका मेडिकल कॉलेजों में भी सीटें बढ़ाई जाएंगी और वहां पीजी कोर्स शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा अतिरिक्त भूमि उपलब्ध करा दी गई है।
15 दिनों में मांगी डीपीआर
अपर मुख्य सचिव ने झारखंड स्टेट बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JSBCCL) को 15 दिनों के भीतर संशोधित डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) और प्रस्ताव विभाग को सौंपने का निर्देश दिया है।
बैठक में रिम्स की साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए परिसर के भीतर से अनावश्यक बाउंड्री और अवरोधों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पूरा परिसर व्यवस्थित और सुगम दिख सके।

