
रांची : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रांची ने ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत कार्रवाई करते हुए रांची रेलवे स्टेशन से एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की का सकुशल रेस्क्यू किया। बाद में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे चाइल्डलाइन को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया। जानकारी के अनुसार 6 जुलाई को आरपीएफ पोस्ट रांची के प्रभारी के निर्देश पर नन्हे फरिश्ते टीम और चाइल्डलाइन रांची की संयुक्त टीम स्टेशन पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर स्टेशन मास्टर कार्यालय के सामने एक नाबालिग लड़की डरी-सहमी अवस्था में अकेली बैठी मिली। पूछताछ में उसने अपनी पहचान गुमला जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के चिरैया गांव निवासी किरतनी कुमारी (15 वर्ष) के रूप में बताई।
प्रारंभिक पूछताछ में लड़की ने बताया कि पिता की डांट-फटकार और मारपीट से नाराज होकर वह घर से निकल आई थी और पश्चिम बंगाल में रहने वाले अपने एक मित्र से मिलने जा रही थी। नाबालिग होने और उसकी सुरक्षा को देखते हुए आरपीएफ ने उसे आगे यात्रा करने से रोककर सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शाम करीब 7:10 बजे बालिका को चाइल्डलाइन हटिया की सुपरवाइजर अर्पणा को उसकी देखभाल, संरक्षण और पुनर्वास के लिए सौंप दिया गया। अभियान को सफल बनाने में महिला उप निरीक्षक सुशीला बड़ाईक, प्रधान आरक्षक पी. पान, आरक्षक चंद्रिका कच्छप तथा आरक्षक जिनिद टोपनो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

