
रांची : रिम्स-2 अस्पताल के निर्माण को लेकर सियासत तेज हो गई है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता अख्तर अली ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह रिम्स-2 जैसे महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य परियोजना को रोकने के लिए राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि यह राज्य की जनता, खासकर गरीब और आदिवासी मरीजों के हितों के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि रिम्स-2 झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है और इसे रोकने की हर कोशिश विकास विरोधी है। उनका दावा है कि आयोग की आड़ लेकर राज्य सरकार के जनहित के कार्यों में बाधा डालने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयोग की अनुशंसाएं बाध्यकारी नहीं होतीं और राज्य सरकार जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि बीजेपी एक ओर आदिवासियों की हितैषी होने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली परियोजनाओं में अड़चन पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी राजनीतिक दबाव के आगे नहीं झुकेगी और रिम्स-2 का निर्माण हर हाल में पूरा किया जाएगा। साथ ही बीजेपी से सवाल किया कि क्या वह चाहती है कि झारखंड के गरीब मरीज बेहतर इलाज से वंचित रहें और क्या राज्य के विकास को रोकना ही उसका उद्देश्य बन गया है। उन्होंने कहा कि जनता बीजेपी की कथित राजनीति को समझ रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।

