
रांची: झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं और आयुर्वेद चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्र सरकार द्वारा देश के तीन राज्यों में ‘अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान’ स्थापित करने की घोषणा के बाद राजधानी में इसके लिए प्रक्रिया तेज हो गई है। गुरुवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने इटकी प्रखंड में प्रस्तावित भूमि का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अभियान निदेशक ने इटकी के अंचल अधिकारी को 40 एकड़ भूमि चिह्नित कर उसकी नापी की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। जिससे कि जमीन हस्तांतरण और आगे की कार्यवाही बिना किसी देरी के समय पर पूरी की जा सके।
आयुष चिकित्सा और अनुसंधान को मिलेगा बढ़ावा
स्थल निरीक्षण के दौरान अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने बताया कि इस संस्थान के बनने से राज्य में न केवल आयुर्वेद चिकित्सा का विस्तार होगा, बल्कि शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण के नए अवसर भी पैदा होंगे। इससे झारखंड के लोगों को राज्य में ही उच्च स्तरीय आयुष स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा मिल सकेगी। इस दौरान इटकी के अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला यक्षमा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम प्रबंधक समेत स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन के कई अन्य अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

