
Baba Tanginath Dham : झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह शनिवार को डुमरी प्रखंड स्थित प्रसिद्ध बाबा टांगीनाथ धाम पहुंचीं। यहां उन्होंने परिवार के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद मंत्री ने टांगीनाथ धाम विकास समिति के सदस्यों के साथ पूरे परिसर का निरीक्षण कर विकास कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विकास समिति के सदस्यों से धाम को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि धाम में जिन सुविधाओं की जरूरत है, उनकी विस्तृत सूची तैयार कर सरकार को उपलब्ध कराई जाए, ताकि आगे की कार्ययोजना बनाई जा सके।
धाम भ्रमण के दौरान मंत्री ने प्रसिद्ध त्रिशूल के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व की भी जानकारी ली। समिति के सदस्यों ने उन्हें त्रिशूल से जुड़ी मान्यताओं और श्रद्धालुओं की आस्था के बारे में बताया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री की नजर त्रिशूल के पास स्थित हवन कुंड पर पड़ी, जहां गंदगी देख उन्होंने तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही हवन कुंड की सुरक्षा और पवित्रता बनाए रखने के लिए उसके चारों ओर जाली लगाने का भी सुझाव दिया।
मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने टांगीनाथ धाम विकास समिति को बैठक के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि धाम के समग्र विकास के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और टांगीनाथ धाम के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, टांगीनाथ धाम विकास समिति के सदस्य, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मंत्री के दौरे के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में धाम का और बेहतर विकास होगा तथा यहां आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाएं मिलेंगी।

