
नई दिल्ली : राजस्थान की प्रशासनिक व्यवस्था में इन दिनों एक बेहद दिलचस्प संयोग चर्चा का विषय बना हुआ है। वजह है दो आईएएस अधिकारियों की ऐसी जोड़ी, जो सिर्फ प्रशासनिक सेवा में ही नहीं, बल्कि रिश्ते में भी खास है।
बूंदी के जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव और बालोतरा के जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव रिश्ते में ससुर-दामाद हैं। सबसे खास बात यह है कि दोनों एक ही समय में अलग-अलग जिलों के कलेक्टर के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, जो भारतीय प्रशासनिक सेवा में बेहद दुर्लभ माना जाता है।
हरफूल सिंह यादव को हाल ही में बूंदी का कलेक्टर नियुक्त किया गया है, जबकि 2017 बैच के आईएएस अधिकारी सुशील कुमार यादव जनवरी 2024 से बालोतरा जिले की कमान संभाल रहे हैं।
प्रशासनिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक इस अनोखी जोड़ी की खूब चर्चा हो रही है। एक साथ ससुर और दामाद का जिला कलेक्टर के पद पर होना न केवल दुर्लभ है, बल्कि राजस्थान की ब्यूरोक्रेसी का एक यादगार संयोग भी बन गया है।

